देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत नियुक्त करीब 100 शिक्षकों की दोबारा मेडिकल जांच कराई जाएगी। दिव्यांगता प्रमाणपत्रों के दुरुपयोग और अपात्र अभ्यर्थियों के आरक्षण का लाभ लेकर सरकारी नौकरी पाने की शिकायतों के बाद शासन ने यह कदम उठाया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर जांच प्रक्रिया शुरू करने के लिए नोडल अधिकारी नामित करने को कहा था।
हाईकोर्ट में जनहित याचिका के बाद सामने आया मामला
यह मामला नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड की ओर से उत्तराखंड हाईकोर्ट में दाखिल जनहित याचिका के बाद सामने आया था। याचिका के आधार पर वर्ष 2022 में संबंधित शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की राज्य मेडिकल बोर्ड से जांच कराई गई थी। आरोप है कि उस जांच में कुछ प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की बात सामने आई थी, लेकिन संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई।
एम्स ऋषिकेश में भी शुरू हुई थी जांच
इससे पहले शिक्षकों की मेडिकल जांच एम्स ऋषिकेश में कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि, एसआईआर और जनगणना संबंधी ड्यूटी के कारण सभी शिक्षकों की जांच पूरी नहीं हो सकी। अब करीब 100 शिक्षकों की नए सिरे से स्वास्थ्य जांच कराने की तैयारी है।
शिक्षा विभाग ने नियुक्त किया नोडल अधिकारी
स्वास्थ्य महानिदेशालय के पत्र के बाद शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गोविंद राम जायसवाल के अनुसार, दिव्यांग कोटे से भर्ती शिक्षकों की मेडिकल जांच कराई जाएगी।
जांच में यदि किसी शिक्षक का दिव्यांगता प्रमाणपत्र फर्जी या नियमों के विपरीत पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इस कदम का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आरक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और पात्र उम्मीदवारों के अधिकारों की रक्षा करना है।





