देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्माण आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाला उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए सक्रिय हो गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरने के लिए पार्टी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
यूकेडी के सामने सबसे बड़ी चुनौती राज्य आंदोलन के दौरान मिली राजनीतिक पहचान को दोबारा व्यापक जनसमर्थन में बदलने की है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के अनुसार, दल ने ‘घर-घर चर्चा, घर-घर पर्चा’ अभियान शुरू किया है, जिसके माध्यम से क्षेत्रीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।
संगठन मजबूत करना सबसे बड़ी चुनौती
भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले यूकेडी का संगठनात्मक ढांचा कमजोर माना जाता है। दोनों राष्ट्रीय दलों की बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ है। ऐसे में यूकेडी के लिए प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अपनी संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करना जरूरी है। पार्टी ने इसके लिए ‘एक बूथ, दस यूथ’ कार्यक्रम शुरू किया है।
क्षेत्रीय मुद्दों को बनाएगा चुनावी हथियार
पार्टी आगामी चुनाव में मूल निवास, सख्त भू-कानून, स्थायी राजधानी गैरसैंण, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है। यूकेडी का मानना है कि प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर मतदाताओं का समर्थन हासिल किया जा सकता है।
हालांकि, पार्टी के सामने केवल मुद्दे उठाने की नहीं, बल्कि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस नीतिगत विकल्प जनता के सामने रखने की भी चुनौती है।
जनभावनाओं को वोट में बदलना होगा
उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद यूकेडी अब तक चुनावों में मजबूत जनाधार हासिल नहीं कर पाया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, क्षेत्रीय भावनाओं और स्थानीय मुद्दों के आधार पर पार्टी अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है, लेकिन इसके लिए संगठनात्मक एकजुटता और प्रभावी चुनावी रणनीति जरूरी होगी।
अब देखना होगा कि यूकेडी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में कितना सफल हो पाता है।





