पिछले दो दिनों से उत्तर भारत में तेज सहती हवाएं चलने से मौसम में नमी आ गई है, लेकिन रविवार से उत्तर पश्चिम भारत में फिर गर्मी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत में शनिवार को भी अधिकतम 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं, जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत के मेघालय और दक्षिण के केरल तक कुछ स्थानों पर हल्की व मध्यम बारिश हुई। वहीं, हरियाणा के पंचकूला में बादल छाए रहे। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भी वर्षा दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अरुणाचल प्रदेश के अंजा जिले के ह्युलियांग में छह सेमी, दिबांग घाटी के अनिनी में तीन सेमी और केरल के पथानामाथिट्टा में दो सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। एक और दो अप्रैल को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में गरज के साथ ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। इन राज्यों में 30-60 किमी तक प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत में अगले तीन दिन तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा, अगले 3 दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद के दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद के 2-5 दिनों में 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। महाराष्ट्र में दो दिन बाद अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। वहीं, गुजरात में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में रविवार को भी लू चलने की संभावना है। राज्य में गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर बना हुआ है। अगले दो से तीन दिन भी अधिकतम तापमान के सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। राज्य के दक्षिण और उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिलों में रविवार को भी लू चल सकती है। सोमवार से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। शुक्रवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ऊपर है।