नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त होने की संभावना है। सरकार ने यह कदम आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के उद्देश्य से उठाया है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। लोकसभा की बैठक सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी, जबकि राज्यसभा बुधवार को सुबह 11 बजे बैठेगी।
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, इस सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था। अब आवश्यक सरकारी कार्यों को पूरा करने के लिए दोनों सदनों की बैठक दोबारा आयोजित की जा रही है।
इस विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर भी चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार इन मुद्दों पर आगे कदम उठा सकती है। हालांकि, संसदीय कार्य मंत्री ने अभी तक सत्र के विस्तृत एजेंडे की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
सरकार का कहना है कि सदनों की बैठक आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए बुलाई गई है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि विशेष सत्र के दौरान कौन-कौन से महत्वपूर्ण विधायी और अन्य मुद्दे सदन में उठाए जाते हैं।




