Top 5 This Week

Related Posts

वडयूड़ा हादसे के पीड़ित परिवार से मिलीं मंत्री रेखा आर्या, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र के वडयूड़ा गांव में भूस्खलन से हुए दर्दनाक हादसे के बाद कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने बृहस्पतिवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले परिवार के परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मंत्री ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आसपास के प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को शासन से मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

एक ही परिवार के तीन लोगों की गई थी जान

वडयूड़ा गांव में बीते दिनों भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से हुए भूस्खलन का मलबा एक मकान में घुस गया था। हादसे में राजेंद्र राम की पत्नी प्रेमा देवी और उनके दो बच्चों मनीष और कल्पना की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों के शव बरामद किए थे। भारी बारिश और सड़क बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश

रेखा आर्या ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार राहत कार्य जारी रखने को कहा।

मंत्री के दौरे के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

Popular Articles