नई दिल्ली। रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के लिए नई रेल सेवाओं की शुरुआत तथा कुछ ट्रेनों के विस्तार की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पुरी की रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 300 से अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन का भी एलान किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री ने महाराष्ट्र और उत्तराखंड को जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। साथ ही उत्तराखंड के टनकपुर से चलने वाली एक रेल सेवा का विस्तार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर तक किया गया। इन नई सेवाओं से तीनों राज्यों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क और अधिक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे।
रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है। नई ट्रेनों से धार्मिक, व्यावसायिक और सामान्य यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ओडिशा में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 300 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा केरल में ओणम पर्व के अवसर पर भी अतिरिक्त विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जाएगा, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।
रेल मंत्रालय का कहना है कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।





