Top 5 This Week

Related Posts

मुखौटा लगाए सांसदों का साक्षात्कार लिया राहुल गांधी ने

विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं ने सोमवार को संसद परिसर में पीएम मोदी व कारोबारी गौतम अदाणी का मुखौटा पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीएम मोदी व अदाणी का मुखौटा लगाए सांसदों का इंटरव्यू लेते भी दिखे। लोकसभा सांसद शिवाजी कालगे ने पीएम मोदी, जबकि कांग्रेस के मणिकम टैगोर ने अदाणी का मुखौटा लगाया था। कुछ अन्य सांसद हाथ में मुखौटा लिए हुए थे। प्रदर्शन के दौरान राहुल व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के साथ मकर द्वार के बाहर पीएम व अदाणी के खिलाफ नारे लगाए। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस, सपा व आप ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। राहुल ने सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन का वीडियो साझा कर लिखा, यह एक खास और पुराना रिश्ता है। खरगे ने कहा, देश का विकास दरकिनार अदाणी है हमारा यार। प्रदर्शन में तृणमूल के शामिल न होने पर सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि सबको साथ लेकर चलना कांग्रेस का काम है। जब कांग्रेस इसमें नाकाम है, तो ऐसे में ममता बनर्जी ही सक्षम व्यक्ति हैं।भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि वरिष्ठ नेता संसद में मुखौटा पहनकर खड़े होते हैं और पीएम के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वे लोकतंत्र का सम्मान करना नहीं जानते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हताश, निराश और अस्तित्वहीन नेताओं का समूह बन गया है।

Popular Articles