नैनीताल। बोट हाउस क्लब के सामने स्थित पार्क में चल रहे कंक्रीट निर्माण कार्य को लेकर माँ नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की मांग की है। व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि बीते दो दिनों से पार्क में दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जबकि पूर्व में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री द्वारा भी इस कार्य पर आपत्ति जताई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह कार्य अमृत योजना के तहत नगर पालिका द्वारा करीब 49 लाख रुपये में स्वीकृत किया गया है, जिसमें ठेकेदार को लगभग 24 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि निर्माण हटाया जाता है तो लागत और बढ़ सकती है।
पुनीत टंडन ने कहा कि नैनी झील के बेहद करीब इस तरह का कंक्रीट निर्माण पर्यावरण और सौंदर्य की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो व्यापार मंडल न्यायिक प्रक्रिया अपनाने को बाध्य होगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल से हुई मुलाकात के दौरान भी नैनीताल में बच्चों और नागरिकों के लिए बेहतर पार्कों की आवश्यकता को लेकर चर्चा की गई थी। व्यापार मंडल ने इस पार्क को ग्रीन और सुंदर स्वरूप में विकसित करने के लिए गोद लेने की इच्छा जताई है। उन्होंने प्रशासन से पार्क को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत विकसित करने का अवसर देने की मांग की। कहा की पार्क के रखरखाव और विकास की जिम्मेदारी दी जाए या फिर 24 घंटे के भीतर कंक्रीट स्ट्रक्चर हटाने की कार्रवाई की जाए।
नैनीताल: बोट हाउस क्लब पार्क में कंक्रीट निर्माण पर बवाल, व्यापार मंडल ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया





