काठमांडू, 1 सितंबर। नेपाल में हालिया विनाशकारी बाढ़ ने भारी जन-धन के साथ बैंकिंग व्यवस्था को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ के तेज बहाव में 20 से अधिक बैंकों की तिजोरियां बह गईं या मलबे में दब गईं। इनमें बड़ी मात्रा में नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान होने के कारण नेपाल पुलिस के सामने अब इन्हें खोजने और सुरक्षित करने की बड़ी चुनौती है।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अभि नारायण काफ्ले के अनुसार, रासुवा, धादिंग, नुवाकोट और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में कई बैंक शाखाएं बाढ़ में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। कुछ तिजोरियां पानी के तेज बहाव में बह गईं, जबकि कुछ भारी मलबे के नीचे दब गई हैं। पुलिसकर्मी इन्हें तलाशने के साथ यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि तिजोरियां गलत हाथों में न पहुंचें।
29 लोग गिरफ्तार, लाखों रुपये बरामद
धादिंग जिले में बाढ़ के पानी में बहकर आई एक बैंक तिजोरी को कथित तौर पर तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने के मामले में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 92.68 लाख नेपाली रुपये बरामद किए हैं। यह तिजोरी रासुवा के ऊपरी इलाके से बहकर त्रिशूली नदी के किनारे धादिंग पहुंची थी।
डेढ़ करोड़ नकद और 50 करोड़ का सोना सुरक्षित
पुलिस ने रविवार को कृषि विकास बैंक की धुंगे शाखा की एक तिजोरी को करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, इस तिजोरी में करीब 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और लगभग 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना व अन्य कीमती सामान था। महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित कर लिए गए हैं।
बाढ़ के बाद पुलिस और सुरक्षा बल बड़े पैमाने पर राहत एवं खोज अभियान चला रहे हैं। पुलिस के 7,894 जवान बचाव और तलाश अभियान में तैनात हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई पुलिसकर्मी भी इस आपदा में लापता हैं।





