Top 5 This Week

Related Posts

SCO में PM मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश, शहबाज शरीफ की मौजूदगी में बोले- आतंकवाद किसी की रणनीतिक संपत्ति नहीं

बिश्केक, 1 सितंबर। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किसी भी तरह का दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने SCO देशों से आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के वित्तपोषण, भर्ती, कट्टरपंथ और आतंकियों को सुरक्षित पनाह देने वाली व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद को किसी भी देश के लिए रणनीतिक साधन या संपत्ति नहीं बनने दिया जा सकता।

‘आतंकवाद पर एक सुर में बोलना होगा’

पीएम मोदी ने कहा कि इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए SCO के सदस्य देशों को एक आवाज में बात करनी होगी। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार के दोहरे रवैये को खारिज करते हुए कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति के साधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं या आतंकियों को संरक्षण और समर्थन देते हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए।

युद्ध नहीं, संवाद और कूटनीति से समाधान

प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय और वैश्विक संघर्षों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध के मैदान में किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी एक क्षेत्र में होने वाला संघर्ष ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और वैश्विक सप्लाई चेन को प्रभावित करता है।

मोदी ने कहा कि वैश्विक दक्षिण के देशों को ऐसे संघर्षों की सबसे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है। इसलिए सभी तनावों और युद्धों को बातचीत और कूटनीति के माध्यम से समाप्त करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

SCO के अगले 25 वर्षों का एजेंडा

प्रधानमंत्री ने SCO के अगले 25 वर्षों के लिए सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर को प्रमुख आधार बनाने की बात कही। उन्होंने साझा भूगोल को साझा अवसरों में बदलने और सदस्य देशों के बीच आर्थिक, डिजिटल तथा लोगों के स्तर पर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

 

Popular Articles