Top 5 This Week

Related Posts

नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र 2026–27 में ईको-टूरिज्म सफारी का किया  शुभारंभ

हल्द्वानी।  वन प्रभाग, हल्द्वानी/नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के चोरगलिया द्वार में सांसद, नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र अजय भट्ट  द्वारा विधिवत रूप से सफारी पर्यटन सत्र 2026–27 का शुभारंभ कर सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर गोलापार, चोरगलिया क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों, स्थानीय जनसमुदाय के सदस्यों, पंजीकृत नेचर गाइडों, सफारी वाहन संचालकों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा नंधौर वन्यजीव अभयारण्य की जैव विविधता का उल्लेख करते हुए क्षेत्र के वनों एवं वन्यजीवों के संरक्षण में स्थानीय जनता के सहयोग तथा सतत प्रयासों के विषय में जानकारी दी गयी। तत्पश्चात नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के स्थापना के उद्देश्यों, संरक्षण के क्षेत्र में उक्त अभयारण्य की भूमिका तथा ईको-टूरिज्म की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य अपनी समृद्ध विविधता, विभिन्न साल वनों, विभिन्न वनस्पतियों एवं विविध वन्यजीवों, पक्षी प्रजाति, तितलियों की उपस्थिति के कारण क्षेत्र में एक विशेष पहचान रखता है। यह क्षेत्र बाघ, हाथी, तेंदुआ, भालू, सांभर, घुरल, मोर सहित अनेक वन्यजीवों एवं ब्लैक बाजा जैसी दुर्लभ पक्षियों का महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है, जिसके सही प्रचार-प्रसार करना प्रकृति प्रेमियों एवं पर्यटकों के आकर्षण हेतु अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य का उद्देश्य केवल वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण ही नहीं, बल्कि स्थानीय समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर सृजित करना भी है। उनके द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में  सांसद की  उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया तथा अभयारण्य के समग्र विकास, ईको-टूरिज्म के विस्तार एवं स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु उनसे अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग देने हेतु अनुरोध किया गया।

अपने संबोधन में माननीय  अजय भट्ट  ने वन विभाग द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेचर वन्यजीव अभयारण्य प्राकृतिक सौंदर्य, पक्षी विविधता एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां ईको-टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिनका उपयोग पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय लोगों की आर्थिक उन्नति के साथ-साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा इस वर्ष सफारी मार्गों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य पूर्ण करने एवं सत्र प्रारंभ होने से काफी पहले पूर्ण करने की पहल की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सफारी पर्यटन सत्र का शुभारंभ 01 नवंबर से किया जा रहा है। इससे अधिक से अधिक पर्यटकों को ईको पर्यटन हेतु आने तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों से रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में नैनीताल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष  राजेंद्र रूख्मी, जिला पंचायत सदस्य गोलापार/चोरगलिया अर्जुन बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह नेगी एवं मनोज खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंपावत, ग्राम प्रधान लालकुआं, नया गांव कटान, ग्राम प्रधान चनवाल कटान, कई नेचर गाइड, सफारी चालक, भारी संख्या में स्थानीय जनता, महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्य, कई प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण, वन क्षेत्राधिकारी, नंधौर  लक्ष्मण सिंह महता, वन क्षेत्राधिकारी, एकता जोशी, वन क्षेत्राधिकारी, गोलापार  जगदीश चन्द्र पंत सहित नंधौर उप वन प्रभाग के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Popular Articles