चमोली। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए देशभर से भक्तों का पहुंचना जारी है। अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि यात्रा के दूसरे चरण में भी प्रतिदिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अनुसार, 28 अक्टूबर तक 21,25,660 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके थे। इसके बाद भी यात्रियों की आमद लगातार बनी हुई है।
ठंड में भी कम नहीं हो रहा उत्साह
बदरीनाथ धाम में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। मंदिर परिसर से लेकर दर्शन मार्ग तक भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं।
इस वर्ष श्राद्ध पक्ष के दौरान भी बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां आए। श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को करीब 28 हजार श्रद्धालुओं ने धाम पहुंचकर दर्शन किए थे।
16 नवंबर को बंद होंगे कपाट
बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस वर्ष बदरीनाथ यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ ने उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दी है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी लाभ मिल रहा है।





