Top 5 This Week

Related Posts

देशभर में एक मंच से जुड़ेंगे वृक्षारोपण अभियान, ‘वृक्ष मित्र परिवार’ बनाएगी राष्ट्रीय नेटवर्क : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली। देशभर में अलग-अलग स्तर पर चल रहे वृक्षारोपण अभियानों को अब एक संगठित राष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए ‘वृक्ष मित्र परिवार’ का गठन किया जाएगा।

नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प’ एवं ‘वृक्ष मित्र संवाद’ कार्यक्रम में चौहान ने कहा कि अब तक वृक्षारोपण के प्रयास अलग-अलग स्तर पर किए जाते रहे हैं, लेकिन अब इन्हें राष्ट्रीय, राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक एक संगठित ढांचे के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए ‘वृक्ष मित्र परिवार’ समितियों का गठन किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण अभियान को संस्थागत स्वरूप मिल सके।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म और पूर्वजों की स्मृति जैसे पारिवारिक अवसरों पर पौधे लगाकर इन्हें ‘वृक्ष उत्सव’ के रूप में मनाया जाए। साथ ही प्रत्येक ‘वृक्ष मित्र’ वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए और पांच अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प ले।

केंद्रीय मंत्री ने पंचायतों और शहरी निकायों से वृक्षारोपण के लिए स्थायी स्थान चिह्नित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत भी पौधारोपण से की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में देशभर से करीब 17 हजार ‘वृक्ष मित्र’ शामिल हुए। इस दौरान जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया गया। चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही हरित और स्वच्छ भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Popular Articles