चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने घोषणा की है कि उनका नया जनआंदोलन ‘वी द लीडर्स’ भविष्य में एक पूर्ण राजनीतिक दल का रूप लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य नए नेतृत्व को तैयार करना और जनता आधारित राजनीति को बढ़ावा देना है, जबकि धर्म को संगठन के एजेंडे से पूरी तरह अलग रखा जाएगा।
अन्नामलाई ने कहा कि वह स्वयं को “सच्चा हिंदू” मानते हैं, लेकिन उनका विश्वास है कि धर्म व्यक्ति का निजी विषय है और इसे सार्वजनिक जीवन या राजनीति में प्रदर्शित करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं अपना धर्म घर पर छोड़कर निकलता हूं। हमारा संगठन किसी धर्म विशेष के आधार पर काम नहीं करेगा।”
उन्होंने बताया कि ‘वी द लीडर्स’ का मुख्य उद्देश्य राज्यभर में ऐसे युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को तैयार करना है, जो ईमानदार, जवाबदेह और जनहित केंद्रित नेतृत्व प्रदान कर सकें। संगठन का फोकस सुशासन, पारदर्शिता और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा।
अन्नामलाई ने कहा कि संगठन चरणबद्ध तरीके से अपने विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उचित समय आने पर इसे औपचारिक राजनीतिक दल में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए राज्यभर में सदस्यता अभियान और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने का काम जारी है।
गौरतलब है कि अन्नामलाई ने भाजपा से अलग होने के बाद ‘वी द लीडर्स’ आंदोलन की शुरुआत की थी। अब उनके इस बयान को तमिलनाडु की राजनीति में एक नए राजनीतिक विकल्प के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।





