Top 5 This Week

Related Posts

डोभाल से मिले अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, भारत-अमेरिका साझेदारी को बताया वैश्विक सुरक्षा के लिए अहम

नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, रणनीतिक सहयोग और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते पिछले कुछ महीनों से कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर चर्चा में हैं।

मुलाकात के बाद अमेरिकी राजदूत ने भारत-अमेरिका साझेदारी को वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग न केवल द्विपक्षीय हितों के लिए, बल्कि व्यापक वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भी अहम है।

बैठक में सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग के साथ-साथ बदलते वैश्विक परिदृश्य पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। भारत और अमेरिका के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, ऊर्जा तथा आतंकवाद निरोधक सहयोग लगातार व्यापक हुआ है। ऐसे में उच्चस्तरीय बैठकों को दोनों देशों के बीच संवाद बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजदूत गोरे की डोभाल से मुलाकात को भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच नियमित संवाद से साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने और मौजूदा मतभेदों पर बातचीत के जरिए समाधान तलाशने का रास्ता खुल सकता है।

भारत और अमेरिका के संबंधों में राष्ट्रीय सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता प्रमुख मुद्दे रहे हैं। दोनों देश स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत के समर्थन के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर भी सहयोग करते रहे हैं। ऐसे में डोभाल और गोरे की बातचीत का महत्व और बढ़ जाता है।

 

Popular Articles