Top 5 This Week

Related Posts

चीन में सरकारी इमारत पर एक्सकेवेटर से हमला, एक घंटे तक की तोड़फोड़; 47 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बीजिंग। चीन के शानक्सी प्रांत में एक व्यक्ति ने एक्सकेवेटर (खुदाई करने वाली मशीन) से सरकारी इमारत पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। घटना के दौरान मशीन से भवन के मुख्य प्रवेश द्वार, सीढ़ियों, कांच के दरवाजों और बाहरी हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने 47 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सरकारी सेवा केंद्र को बनाया निशाना

यह घटना 9 नवंबर को चीन के शानक्सी प्रांत के शीआन स्थित शिशियान न्यू एरिया के फेंगडोंग न्यू सिटी गवर्नमेंट सर्विस सेंटर में हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पीले रंग का एक्सकेवेटर सरकारी भवन के मुख्य गेट को तोड़ते और परिसर के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहा है।

मशीन की मदद से भवन के प्रवेश द्वार, मुख्य साइनबोर्ड और कांच के दरवाजों को निशाना बनाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, परिसर के कम से कम छह हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।

मुआवजे को लेकर विवाद की आशंका

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना के पीछे ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिलने का विवाद हो सकता है। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों के मकानों को हटाए जाने के बाद मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया था। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक हमले के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया

घटना के दौरान सरकारी भवन में मौजूद कर्मचारियों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने 47 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आरोपी की पहचान उसके उपनाम हू (Hu) से बताई है।

घटना के कुछ घंटे बाद सरकारी सेवा केंद्र में सामान्य कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Popular Articles