नई दिल्ली। ऑनलाइन उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाली डिजिटल तकनीकों यानी ‘डार्क पैटर्न’ के खिलाफ केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी कि Zepto, BookMyShow, IndiGo, Physics Wallah, FirstCry, SpiceJet, PharmaEasy, McAfee और Anuj Jindal सहित नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुल 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इन कंपनियों को आपत्तिजनक प्रथाएं तत्काल बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सबसे अधिक 7 लाख रुपये का जुर्माना Zepto Marketplace पर लगाया गया। जांच में पाया गया कि प्लेटफॉर्म शुरुआत में कम कीमत दिखाता था, लेकिन बाद में हैंडलिंग चार्ज और सदस्यता शुल्क जोड़ देता था। CCPA ने इसे ‘ड्रिप प्राइसिंग’ और ‘बास्केट स्नीकिंग’ की श्रेणी में माना। कंपनी ने बाद में इन प्रथाओं को बंद कर दिया।
Physics Wallah पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोप था कि ‘PW Foundation’ के लिए 10 रुपये का दान पहले से चयनित (प्री-सेलेक्टेड) रहता था और उपभोक्ताओं को भावनात्मक संदेशों के जरिए इसे हटाने से हतोत्साहित किया जाता था। साथ ही, मुफ्त कोर्स तक पहुंच के लिए व्यक्तिगत जानकारी देना भी अनिवार्य किया गया था।
IndiGo के मोबाइल ऐप में ‘कन्फर्म शेमिंग’ पाए जाने पर CCPA ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद कंपनी ने अपने ऐप में उपभोक्ताओं को प्रभावित करने वाले संदेश को बदल दिया। वहीं, BookMyShow को ‘BookASmile’ पहल के लिए पहले से चयनित एक रुपये के योगदान का विकल्प हटाने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा FirstCry पर 2 लाख रुपये, Anuj Jindal पर 3 लाख रुपये तथा PharmaEasy, McAfee और SpiceJet पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इन कंपनियों पर छिपे हुए शुल्क, भ्रामक काउंटडाउन टाइमर, जबरन सदस्यता और भ्रामक नवीनीकरण विकल्प जैसे डार्क पैटर्न अपनाने के आरोप थे।
सरकार ने बताया कि वर्ष 2023 में लागू डार्क पैटर्न रोकथाम दिशानिर्देशों के तहत ऑनलाइन उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। CCPA ने ई-कॉमर्स कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म का स्वयं ऑडिट कर ऐसी भ्रामक प्रथाएं समाप्त करने के निर्देश भी दिए हैं।





