Top 5 This Week

Related Posts

चकराता के 60 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होने पहुंचे, मंत्री के विरोध के बाद बिना जॉइनिंग लौटे

देहरादून। चकराता विधानसभा क्षेत्र से करीब 60 कार्यकर्ता सोमवार को भाजपा की सदस्यता लेने के लिए देहरादून स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, लेकिन सदस्यता ग्रहण किए बिना ही उन्हें वापस लौटना पड़ा। बताया गया कि समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने प्रस्तावित जॉइनिंग कार्यक्रम का विरोध किया, जिसके बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, चकराता क्षेत्र से आए इन कार्यकर्ताओं को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और दर्जाधारी नेता गीता राम गोड प्रदेश कार्यालय लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच मंत्री खजान दास को कार्यक्रम की जानकारी मिली और वह स्वयं भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने जॉइनिंग कार्यक्रम का विरोध जताया।

इसके बाद पार्टी की ओर से सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम से दूरी बना ली गई। नतीजतन चकराता से आए सभी कार्यकर्ताओं को बिना भाजपा की सदस्यता लिए ही वापस लौटना पड़ा।

एक दिन पहले मंत्री आवास पर हुआ था प्रदर्शन

इस घटनाक्रम से एक दिन पहले रविवार को चकराता क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री खजान दास के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के चयन में पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित अनदेखी का आरोप लगाया था। उन्होंने योजनाओं से संबंधित सूची की समीक्षा और अपने प्रस्तावों पर विचार करने की मांग की थी।

प्रदर्शन के बाद सोमवार को करीब 60 कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने के लिए प्रदेश कार्यालय पहुंचने से मामला और चर्चा में आ गया। हालांकि, मंत्री के विरोध के बाद जॉइनिंग नहीं हो सकी और कार्यकर्ता लौट गए।

Popular Articles