हल्द्वानी। घर से मायके जाने के लिए निकली 59 वर्षीय महिला अचानक रास्ते से लापता हो गई। न वह अपने गंतव्य तक पहुंचीं और न ही वापस घर लौटीं। कई दिनों तक तलाश करने के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो परेशान परिजनों ने पुलिस की शरण ली। मामला तीलापानी के खन्ना फार्म क्षेत्र का है, जहां से लापता हुई सुनीता देवी की तलाश में अब हल्द्वानी पुलिस जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हैड़ागुज्जर डी क्लास, खन्ना फार्म, तीलापानी निवासी सुनीता देवी (59) पत्नी स्वर्गीय हरसहाय 23 नवंबर 2026 को अपने गांव अमृता इमरती, थाना देवरनिया, जिला बरेली जाने के लिए घर से निकली थीं। लेकिन 26 नवंबर तक भी वह अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
महिला के बेटे दिनेश कुमार ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर अपनी मां को खोजने की गुहार लगाई है। मां के अचानक लापता होने से परिवार परेशान है और अनहोनी की आशंका भी सता रही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस महिला की तलाश में जुटी है।




