हल्द्वानी। बनभूलपुरा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया के बीच पहचान के कथित फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान एक बूथ स्तरीय एजेंट के नाम और पहचान का कथित दुरुपयोग कर 28 मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिए गए। हैरानी यह कि जिस व्यक्ति के नाम से आवेदन किए गए, उसका दावा है कि उसने न तो कोई फार्म भरा और न ही किसी को ऐसा करने की अनुमति दी। निर्वाचन प्रक्रिया में इस कथित सेंधमारी को लेकर पहले पुलिस और एसएसपी से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामला अदालत पहुंचा। अब न्यायालय के आदेश पर थाना बनभूलपुरा में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला वार्ड संख्या 31, इंदिरानगर बनभूलपुरा निवासी इकराम अली पुत्र स्वर्गीय कतर अली से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में अपने बूथ पर बूथ स्तरीय एजेंट के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी दौरान 20 अगस्त को संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि 12 अगस्त को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उनके नाम से भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फार्म संख्या सात जमा किए गए हैं।
इकराम अली का आरोप है कि उन्होंने किसी भी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन नहीं किया था। न ही किसी व्यक्ति को अपनी ओर से फार्म जमा करने के लिए अधिकृत किया था। इसके बावजूद उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर दिए गए। शिकायतकर्ता ने इसे सुनियोजित तरीके से पहचान का दुरुपयोग और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने की कथित कोशिश बताया है।
मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों को लिखित शिकायत दी और शपथपत्र देकर स्पष्ट किया कि संबंधित आवेदन उनके द्वारा नहीं किए गए हैं। इसके बावजूद मामला आगे नहीं बढ़ा तो उन्होंने पुलिस की शरण ली।
24 अगस्त को उन्होंने थाना बनभूलपुरा को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके बाद 29 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भी लिखित शिकायत भेजी गई। आरोप है कि दोनों स्तरों पर शिकायत देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। आखिरकार इकराम अली ने अधिवक्ता मनीष कुमार पांडे के माध्यम से न्यायालय की शरण ली।
शिकायत में निर्वाचन पोर्टल से 28 फार्मों का पूरा विवरण हासिल करने की मांग की गई है। इसमें आवेदन की तारीख और समय, उपयोगकर्ता पहचान, लॉगिन का ब्योरा, पंजीकृत मोबाइल नंबर, ईमेल, ओटीपी प्रमाणीकरण, इंटरनेट पता और इस्तेमाल किए गए उपकरणों की जानकारी शामिल है। इसके अलावा फार्मों के साथ अपलोड किए गए दस्तावेज और निर्वाचन कार्यालय में हुई कार्रवाई का रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।
इन डिजिटल साक्ष्यों से उन लोगों की पहचान हो सकती है, जिन्होंने कथित तौर पर उनकी पहचान का इस्तेमाल कर आवेदन किए और अपनी वास्तविक पहचान छिपाई
न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत दाखिल प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई के क्रम में थाना बनभूलपुरा में 27 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया है
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किसने और किस उद्देश्य से एक बूथ स्तरीय एजेंट की पहचान का कथित दुरुपयोग कर 28 मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन किए? जांच में डिजिटल साक्ष्य सामने आने के बाद ही इस पूरे मामले की परतें खुल सकेंगी।
मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि किसी व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर सामूहिक रूप से नाम हटाने के आवेदन किए जा सकते हैं, तो यह केवल व्यक्तिगत पहचान का मामला नहीं, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर सवाल भी है।





