Top 5 This Week

Related Posts

राज बब्बर की युवाओं को सीख- शोहरत नहीं, संस्कार बनाते हैं इंसान को सफल; जूही ने बताया कला का महत्व

देहरादून। देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर और उनकी बेटी जूही बब्बर ने अभिनय, रंगमंच और पारिवारिक विरासत से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों कलाकारों ने नई पीढ़ी को प्रतिभा के साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान अदिति माहेश्वरी गोयल ने दोनों से संवाद किया।

राज बब्बर ने अपने शुरुआती जीवन और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके गुरु इब्राहिम अल्काजी ने उन्हें अभिनय के साथ जीवन जीने के महत्वपूर्ण मूल्य भी सिखाए। इनमें अनुशासन, स्वच्छता, महिलाओं का सम्मान और इंसानियत प्रमुख थे।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की सफलता का आकलन इस बात से नहीं होना चाहिए कि उसने कितनी फिल्में की हैं या कितने चुनाव जीते हैं। असली सफलता उसके व्यवहार, संस्कार और जीवन मूल्यों से तय होती है।

युवाओं को कला से जोड़ने की जरूरत : जूही

वहीं, जूही बब्बर ने थिएटर, नाटकों और एकल प्रस्तुतियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण के साथ कला की बुनियादी शिक्षा भी दी जानी चाहिए। कला से जुड़ने पर युवाओं में संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता विकसित होती है।

उन्होंने रंगमंच को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि अभिनय केवल मंच पर प्रस्तुति देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसान को जीवन और समाज को बेहतर ढंग से समझने का अवसर भी देता है।

बब्बर परिवार की विरासत पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में बब्बर परिवार की कला और रंगमंच से जुड़ी विरासत पर भी बातचीत हुई। राज बब्बर और जूही बब्बर ने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और कला-संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा दी।

महोत्सव में साहित्य, सिनेमा और रंगमंच से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य रचनात्मक विचारों और अनुभवों को साझा करने के लिए कलाकारों, साहित्यकारों और युवाओं को एक मंच उपलब्ध कराना है।

Popular Articles