नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपने 13 माह के कार्यकाल में राजस्व मामलों के निस्तारण के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में वर्षों से लंबित 37 हजार से अधिक राजस्व वादों में से करीब 32 हजार मामलों का निस्तारण किया गया। इससे आम लोगों को भूमि विवाद, पैमाइश, सीमांकन और विरासत संबंधी मामलों में राहत मिली है।
ललित मोहन रयाल ने 14 अक्टूबर 2025 को नैनीताल के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था। उन्होंने प्रशासन को आम जनता के करीब लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने को प्राथमिकता दी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एक अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक जिले की विभिन्न अदालतों में कुल 37,383 मामले लंबित थे। इनमें से 31,979 मामलों का निस्तारण किया गया। इस तरह निस्तारण की दर 85.54 प्रतिशत रही।
भूमि पैमाइश के 2398 मामले निपटाए
राजस्व प्रवर्तन के तहत दर्ज 5,745 मामलों में से 5,611 का निस्तारण किया गया। भूमि पैमाइश के 2,491 मामलों में से 2,398 का समाधान हुआ। वहीं, खेतों की मेड़ और सीमाओं से जुड़े 957 मामलों में से 945 निपटाए गए। सार्वजनिक रास्तों और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में भी प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की।
34,897 वारिसों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज
ग्रामीण क्षेत्रों में विरासत दर्ज कराने की प्रक्रिया को भी गति दी गई। 14 अक्टूबर 2025 से 13 अक्टूबर 2026 के बीच मृतक खातेदारों की विरासत दर्ज करने के लिए 9,783 मामले दर्ज किए गए। इसके तहत 18,906 खातों में विरासत संबंधी प्रविष्टियां की गईं और 34,897 वारिसों एवं लाभार्थियों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज किए गए।
अतिक्रमण और भ्रष्टाचार पर भी कार्रवाई
प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में 81 अवैध ढांचे ध्वस्त कर वन भूमि को मुक्त कराया। वहीं, भ्रष्टाचार के आरोपों में एक राजस्व निरीक्षक को निलंबित किया गया। प्रमाणपत्र जारी करने में आ रही बाधाओं को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की गई, ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
विकास कार्यों को भी मिली गति
डीएम रयाल के कार्यकाल में कैंची धाम बाईपास के लिए 21.81 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दिलाने की दिशा में भी पहल हुई। प्रशासनिक आंकड़े बताते हैं कि राजस्व विवादों के समाधान और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया गया।




