Top 5 This Week

Related Posts

अफगानिस्तान में स्कूल के पास भीषण विस्फोट, सात छात्रों की मौत और 97 घायल; खनन के लिए रखे विस्फोटकों में हुआ धमाका

काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को एक मिडिल स्कूल के पास हुए भीषण विस्फोट में सात छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

कुनार प्रांत के सूचना एवं संस्कृति निदेशक समीउल हक हक बयान के अनुसार, यह विस्फोट प्रांतीय राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके में स्थित शागी मिडिल स्कूल के पास एक मकान में हुआ। प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया कि धमाका शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ था।

खनन कार्य के लिए रखे थे विस्फोटक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में खनन कार्य और चट्टानों को तोड़ने के लिए विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। बताया जा रहा है कि इसी सामग्री में अचानक विस्फोट हो गया। ये विस्फोटक कुनार-नूरिस्तान राजमार्ग पर चल रहे खनन कार्यों में इस्तेमाल किए जाने थे।

प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारण आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घायलों को कुनार प्रांतीय अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कई का उपचार जारी है।

लापरवाही की आशंका, जांच शुरू

तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने शुरुआती जांच के आधार पर विस्फोट के पीछे लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की आशंका जताई है। अधिकारियों ने घटनास्थल पर जांच दल भेजे हैं। विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस हादसे ने अफगानिस्तान में खनन गतिविधियों के दौरान विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Popular Articles