रुद्रपुर, 2 सितंबर। ऊधमसिंह नगर जिले में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण सात प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बैगुल, नानक सागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, तुमड़िया और धौरा जलाशयों में पानी चेतावनी स्तर के करीब पहुंचने से प्रशासन और सिंचाई विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
सबसे अधिक चिंता बैगुल जलाशय को लेकर है। यहां जलस्तर 681.66 फीट दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी स्तर 683.50 फीट और खतरे का स्तर 685 फीट है। यानी जलस्तर में महज 1.84 फीट की और बढ़ोतरी होने पर यह चेतावनी स्तर को पार कर जाएगा।
नानक सागर जलाशय का जलस्तर भी 701 फीट पहुंच गया है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 706 फीट है। सुरक्षा के मद्देनजर नानक सागर से 4,088 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम छोड़ा जा रहा है। वहीं बौर और हरिपुरा जलाशयों में पानी 789 फीट तक पहुंच गया है, जबकि दोनों का चेतावनी स्तर 792 फीट है।
अन्य जलाशयों की स्थिति देखें तो शारदा सागर में जलस्तर 605.05 फीट, तुमड़िया में 840.30 फीट और धौरा में 703.40 फीट दर्ज किया गया। इनके चेतावनी स्तर क्रमश: 625, 857 और 710.60 फीट हैं।
सितारगंज में सबसे ज्यादा बारिश
प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सोमवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक सितारगंज में 180 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा किच्छा में 50, रुद्रपुर में 36, गदरपुर में 30, खटीमा में 28, काशीपुर में 17, बाजपुर में 8 और जसपुर में 5 मिमी बारिश हुई।
अधिकारियों के मुताबिक यदि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़ना पड़ सकता है। इससे जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन ने नदी और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और निगरानी लगातार जारी है।





