देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में गढ़वाल मंडल की टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार लोकसभा सीटों के सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। पार्टी ने सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दियामुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में हुई बैठकों में विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की योजना बनाई गई। आने वाले दिनों में युवा, महिला, पूर्व सैनिक, अल्पसंख्यक और प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता और संगठन के बीच संवाद बढ़ाने तथा स्थानीय समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कमजोर सीटों पर विशेष रणनीति
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा था। हरिद्वार को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र मानते हुए यहां संगठन और जनसंपर्क को और मजबूत करने की रणनीति पर विचार किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक हालात की समीक्षा की गई है और जीत के लिए क्षेत्रवार कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा ने अपने ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ अभियान को भी गति देने का फैसला किया है। पार्टी के अनुसार राज्य में बूथों की संख्या बढ़कर 12,453 हो गई है। नए बूथों के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को तैयार किया जाएगा। विधायकों को विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में प्रवास कर कार्यकर्ताओं और जनता से सीधे संवाद करने पर भी जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और मानसून के दौरान आपदा प्रभावित जनता की मदद के लिए प्रशासन के साथ समन्वय करने का आह्वान किया। भाजपा नेतृत्व का लक्ष्य संगठन, सरकार और जनता के बीच बेहतर तालमेल के जरिए आगामी चुनाव में जीत की राह मजबूत करना है।





