Top 5 This Week

Related Posts

कुमाऊं में नशे पर पुलिस का शिकंजा, 25.66 करोड़ की ड्रग्स बरामद

हल्द्वानी। कुमाऊं में अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने मासिक अपराध गोष्ठी में समीक्षा की। जनवरी से जुलाई 2026 तक एनडीपीएस एक्ट में 382 मुकदमे दर्ज कर 519 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान करीब 25.66 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद हुए।

गोष्ठी में आईजी ने गंभीर अपराधों के लंबित मामलों, नई आपराधिक संहिताओं, साइबर अपराध और तकनीकी पुलिसिंग की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिसिंग में जवाबदेही और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल प्राथमिकता होनी चाहिए।

7 माह में 519 नशा तस्कर गिरफ्तार

कुमाऊं में एनडीपीएस के 382 मामलों में 519 आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने 45 किलो चरस, 7.338 किलो स्मैक/हेरोइन, 1050.7 किलो गांजा, 4.6 किलो अफीम, 36.8 किलो डोडा, 40,257 नशीली गोलियां-कैप्सूल और 1,791 इंजेक्शन बरामद किए। 12 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हुई।

गंभीर अपराधों में 100 फीसदी तक खुलासा

डकैती, दुष्कर्म और वाहन लूट के मामलों में 100 प्रतिशत, हत्या में 96, लूट में 94, चोरी में 76 और चैन स्नैचिंग के 79 प्रतिशत मामलों का खुलासा हुआ। आईजी ने शेष मामलों के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

1,051 गुमशुदा बरामद

जनवरी से जुलाई तक कुमाऊं में 1,051 गुमशुदा लोगों को बरामद किया गया। इनमें 220 बच्चे, 299 पुरुष और 532 महिलाएं शामिल हैं।

तकनीक से मजबूत होगी पुलिसिंग

आईजी ने साइबर पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट चिन्हित कर कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।

905 शिकायतों का निस्तारण

परिक्षेत्रीय शिकायत प्रकोष्ठ को मिली 1,048 शिकायतों में से 905 का निस्तारण किया जा चुका है। आईजी ने लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

Popular Articles