देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने युवाओं के नवाचार को कारोबार का रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 10 नए स्टार्टअप आइडिया का चयन किया है। चयनित युवाओं को राज्य सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद जल्द ही युवाओं को सम्मानित कर पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए उद्योग विभाग के सहयोग से जिलास्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों में बूट कैंप आयोजित किए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से युवाओं के नवाचार आधारित विचारों की पहचान कर उन्हें स्टार्टअप के लिए चयनित किया गया। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है।
प्रदेश में अब तक 219 स्टार्टअप को राज्य सरकार से मान्यता मिल चुकी है। वहीं, केंद्र सरकार के स्टार्टअप पोर्टल पर उत्तराखंड के 1,500 से अधिक युवा स्टार्टअप के रूप में पंजीकृत हैं। यह आंकड़ा राज्य में उद्यमिता और नवाचार के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
सरकार ने स्टार्टअप को कारोबार के स्तर पर आगे बढ़ाने और वित्तीय जरूरतें पूरी करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी बनाया है। इसके अलावा राज्य की स्टार्टअप नीति में उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई वित्तीय सुविधाओं और प्रोत्साहनों का प्रावधान किया गया है।
सरकार का मानना है कि बूट कैंप, पुरस्कार राशि और वित्तीय सहायता जैसी पहल से प्रदेश में स्थानीय स्तर पर नए कारोबारी विचारों को बढ़ावा मिलेगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ उत्तराखंड में नवाचार आधारित उद्योगों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।





