50 पुलिसकर्मियों की टीम ने खंगाले सीसीटीवी और सर्विलांस; चारों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, दो वाहन और नकदी बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त की शाम हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई सनसनीखेज डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक छह आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। चार नए आरोपियों की गिरफ्तारी हल्द्वानी, दिल्ली और किच्छा से की गई है।
गोरापड़ाव में केआईवाई शोरूम के पीछे स्थित नारायण दास के ऑफिस/गैराज में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
50 सदस्यीय टीम ने खंगाला नेटवर्क
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 50 अधिकारियों-कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी समेत थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस के जरिए बदमाशों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। पुलिस के अनुसार इसी कार्रवाई के दौरान 21 अगस्त को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
दिल्ली से किच्छा तक दबिश
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को डीएनडी फ्लाईओवर, जैतपुर मोड़ नई दिल्ली से गिरफ्तार किया। वहीं यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी और अफजल मलिक को 23 अगस्त को किच्छा से दबोचा गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वाहन, तमंचे, जिंदा कारतूस और नकदी बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
तीन तमंचे, कारतूस और दो वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार यश सिडाना से क्रेटा कार संख्या UK06BE-9091, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो संख्या DL1CA-1984, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस मिले। शिवराज सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बाकी नकाबपोश अभी भी पुलिस के रडार पर
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद डकैती में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस टीमें अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं। ऐसे में गोरापड़ाव की इस सनसनीखेज वारदात में शामिल बाकी नकाबपोशों तक पहुंचना पुलिस के सामने अगली बड़ी चुनौती है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार यश सिडाना का पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।





