Top 5 This Week

Related Posts

रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा को मंजूरी न मिलने पर IOC-USA नाराज, बताया निराशाजनक फैसला

नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) USA के तेलंगाना चैप्टर ने गहरी निराशा जताई है। संगठन ने केंद्र के फैसले पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे तेलंगाना के हितों के लिए नुकसानदायक बताया।

रेवंत रेड्डी ब्रिटेन और अमेरिका के दौरे पर जाने वाले थे। उन्हें ब्रिटेन यात्रा के लिए मंजूरी मिल गई थी, लेकिन अमेरिका जाने के कार्यक्रम को विदेश मंत्रालय ने मंजूरी नहीं दी। इसके बाद मुख्यमंत्री को अपना अमेरिका दौरा रद्द कर ब्रिटेन से ही हैदराबाद लौटना पड़ा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य विशिष्ट लोगों की विदेश यात्राओं को राजनीतिक मंजूरी देने से पहले मंत्रालय उनके कार्यक्रम और यात्रा के उद्देश्य का आकलन करता है। उनके मुताबिक, रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं था। इसलिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई। वहीं, उनकी ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई थी।

IOC-USA तेलंगाना चैप्टर के अनुसार, रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे का उद्देश्य तेलंगाना, खासकर हैदराबाद को शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और अनुसंधान के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देना था। संगठन ने कहा कि इस दौरे से राज्य में निवेश और शैक्षणिक सहयोग के नए अवसर पैदा हो सकते थे।

इस बीच, कांग्रेस से जुड़े संगठनों ने केंद्र के फैसले पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक भेदभाव के आरोप लगाए हैं। IOC-USA ने भी अपने बयान में निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि विदेश यात्राओं की मंजूरी के मामले में एक समान और निष्पक्ष नीति होनी चाहिए।

वहीं, केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्णय यात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के पद से उसकी उपयुक्तता के आधार पर लिया गया।

 

Popular Articles