वाशिंगटन। अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स दोनों में बढ़त हासिल कर कांग्रेस पर नियंत्रण कर लिया है। इस चुनावी नतीजे के बाद दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति और ट्रंप के करीबी सहयोगी एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की है।
मस्क ने पोस्ट में लिखा, ”लगता है इस बार चुनाव में हस्तक्षेप करने वाली मेरी अंतरिक्ष लेजर काम नहीं आई।” उनकी इस टिप्पणी को रिपब्लिकन उम्मीदवारों की हार और चुनाव में उनके भारी आर्थिक निवेश पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव में करोड़ों डॉलर लगाए
एलन मस्क ने इस चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी और उसके समर्थित उम्मीदवारों के प्रचार अभियान पर बड़ी रकम खर्च की थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवारों और रूढ़िवादी संगठनों को समर्थन देने के लिए सैकड़ों मिलियन डॉलर खर्च किए। इसके बावजूद पार्टी को कई महत्वपूर्ण राज्यों में हार का सामना करना पड़ा।
टेक्सास में रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन की हार भी मस्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने उन्हें हराकर जीत दर्ज की।
अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने की बात भी कही
चुनावी नतीजों के बाद मस्क ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना अब काफी आकर्षक विकल्प लग रहा है। उनकी इस टिप्पणी को टेक्सास में डेटा सेंटर परियोजनाओं और चुनाव परिणामों से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, टेक्सास में डेमोक्रेटिक नेताओं ने डेटा सेंटर परियोजनाओं को लेकर कई सवाल उठाए थे। चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद मस्क के कारोबार और भविष्य की योजनाओं पर भी राजनीतिक फैसलों का असर पड़ सकता है।
अमेरिकी चुनाव परिणामों को ट्रंप प्रशासन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। कांग्रेस में डेमोक्रेटिक पार्टी के मजबूत होने से आने वाले समय में ट्रंप की नीतियों को लागू करने में चुनौतियां बढ़ सकती हैं।





