Top 5 This Week

Related Posts

इलाज के नाम पर मौत! मीनाक्षी की जान गई, नईम पहलवान गिरफ्तार

गर्दन के इलाज के दौरान महिला की मौत का आरोप, पति की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा; दुकान के पास से दबोचा

हल्द्वानी। इलाज के नाम पर एक 23 वर्षीय महिला की जान चली गई। टाउन धानमिल निवासी राम चन्द्र की पत्नी मीनाक्षी टम्टा की कथित तौर पर उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि तीन अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान उसकी पत्नी मीनाक्षी का इलाज कर रहा था। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मामला दर्ज होते ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए आखिरकार नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम- उ0नि0 संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानग- हे0कानि0 मनोज कुमार- कानि0 ललित गोस्वामी

Popular Articles