Top 5 This Week

Related Posts

पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे थे, बेटा खाना लेकर पहुंचा तो बाइक चोरी

एसटीएच गेट-1 पर हैंडल लॉक लगी स्प्लेंडर ले उड़े चोर; दो दिन बाद पिता की मौत, सदमे में थाने नहीं पहुंच सका बेटा

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में पिता करीब एक महीने से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। बेटा उनके लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद जब बाहर आया तो जिस बाइक से वह पिता के लिए खाना लेकर आया था, वह गायब थी। अस्पताल के गेट नंबर-1 के पास से हैंडल लॉक लगी बाइक चोरी होने की तत्काल 112 पर शिकायत भी की गई, लेकिन इसके दो दिन बाद पिता की मौत ने परिवार को ऐसा झकझोर दिया कि बेटा थाने में लिखित शिकायत तक नहीं दे सका। अब पिता की मौत के बाद उसने कोतवाली हल्द्वानी में बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस को दी तहरीर में ऊधमसिंहनगर जिले के केलाखेड़ा क्षेत्र के गणेशपुर निवासी आकाश ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच वह अपने पिता के लिए खाना लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल आया था। उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या यू के 18 क्यूँ-2078 अस्पताल के गेट नंबर-1 के पास खड़ी की थी। बाइक का हैंडल लॉक भी लगा हुआ था।

खाना अस्पताल में देने के बाद जब वह वापस बाहर आया तो बाइक अपनी जगह से गायब थी। आसपास कई अन्य मोटरसाइकिलें खड़ी थीं, लेकिन उसकी बाइक वहां नहीं थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
बाइक चोरी होते ही आकाश ने मामले की सूचना 112 नंबर पर दी।

चोरी की घटना के महज दो दिन बाद 14 जुलाई को आकाश के पिता की अस्पताल में मौत हो गई। तहरीर के मुताबिक पिता की मौत के बाद वह मानसिक और पारिवारिक परेशानी से गुजर रहा था। इसी वजह से वह तत्काल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत नहीं दे सका। अब उसने पुलिस से बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर वाहन बरामद करने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक चोर का सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है।

Popular Articles