नई दिल्ली। देश में करोड़ों लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp की सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने WhatsApp और WhatsApp Business में पांच गंभीर सुरक्षा खामियों की पहचान की है। इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स की निजी जानकारी तक पहुंच सकते हैं और डिवाइस में सेंध लगा सकते हैं।
CERT-In ने 26 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी में इन कमजोरियों को उच्च जोखिम वाली श्रेणी में रखा है। चेतावनी Android, iOS, Mac और Windows प्लेटफॉर्म पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए है।
एक मैसेज या लिंक से हो सकता है साइबर हमला
साइबर सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, हैकर्स विशेष रूप से तैयार किए गए मैसेज, मीडिया फाइल या संदिग्ध लिंक भेजकर इन खामियों का फायदा उठा सकते हैं। इससे डिवाइस में मनमाना कोड चलाने, निजी जानकारियां हासिल करने और एप की सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार करने का खतरा है।
कुछ मामलों में WhatsApp में सुरक्षित रखी गई फाइलें डिलीट हो सकती हैं। वहीं, एक अन्य खामी के जरिए यूजर का IP एड्रेस भी उजागर होने की आशंका है। इससे उसकी लोकेशन से जुड़ी जानकारी का पता लगाया जा सकता है।
पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वालों को खतरा
यह चेतावनी WhatsApp के पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वालों के लिए जारी की गई है। इसमें Android और iPhone के साथ Mac और Windows कंप्यूटर पर चलने वाले एप भी शामिल हैं। WhatsApp Business के यूजर्स भी इससे प्रभावित हो सकते हैं।
तुरंत अपडेट करने की सलाह
CERT-In ने सभी यूजर्स और संगठनों को WhatsApp का नवीनतम वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है। Android यूजर्स Google Play Store और iPhone यूजर्स Apple App Store से अपडेट कर सकते हैं। कंप्यूटर पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी उपलब्ध सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करना चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार, अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक और अटैचमेंट खोलने से बचना चाहिए। साथ ही समय-समय पर एप और डिवाइस को अपडेट करते रहना जरूरी है।





