रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध मां गर्जिया देवी मंदिर के टीले की सुरक्षा से जुड़े निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद सिंचाई विभाग ने दो अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। कोसी नदी के किनारे करीब 11.5 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सुरक्षात्मक निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी कर अत्यधिक खुदाई की गई। इससे मंदिर के टीले की बुनियाद कमजोर होने और उसकी स्थिरता पर खतरा मंडराने लगा।
विभाग ने कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने पर सहायक अभियंता दीप पांडे और कनिष्ठ अभियंता प्रबुद्ध शर्मा को तत्काल प्रभाव से कार्य से हटाने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, कोसी नदी के किनारे लगभग 70 फीट ऊंचे टीले पर स्थित गर्जिया देवी मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बरसात के दौरान नदी में आने वाली बाढ़ और तेज बहाव से टीले के आसपास कटाव की समस्या बनी रहती है। इसी को देखते हुए शासन ने मंदिर के टीले को सुरक्षित रखने के लिए 11.5 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षात्मक निर्माण कार्य स्वीकृत किया था।
योजना के तहत टीले के चारों ओर सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक बनाए जाने हैं। निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार सीमित हिस्से में चरणबद्ध तरीके से खुदाई करने के बाद तत्काल सुरक्षा निर्माण किया जाना था, ताकि मिट्टी की पकड़ कमजोर न हो। लेकिन निर्माण स्थल पर एक साथ बड़े हिस्से में जरूरत से अधिक खुदाई कर दी गई।
मुख्य अभियंता के निरीक्षण में खुली पोल
निर्माण कार्य में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिलने के बाद सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला ने बृहस्पतिवार को मौके पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुदाई के तरीके और निर्माण की तैयारियों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण में पाया गया कि खुदाई का काम जारी था, जबकि सीसी ब्लॉक निर्माण के लिए कंक्रीट और अन्य जरूरी सामग्री की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी
सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता महेश खरे ने बताया कि सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को कार्य से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को मंदिर के टीले का दोबारा निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंदिर का टीला धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है।





