नई दिल्ली। परिसीमन संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन में दरार गहराती नजर आ रही है। शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) की ओर से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के एलान के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने शरद पवार और उनकी पार्टी पर राजनीतिक विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि पवार का लोगों की पीठ में छुरा घोंपने का पुराना इतिहास रहा है।
महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर निशाना साधते हुए उन्हें सत्ता का भूखा बताया। उन्होंने कहा कि पवार की कोई ठोस विचारधारा नहीं है और उनकी पार्टी सत्ता के बिना नहीं रह सकती। वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस ने ही शरद पवार को राज्यसभा पहुंचाने में मदद की थी, लेकिन अब उनकी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन कर रही है। उन्होंने एनसीपी-एसपी के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण और गलत करार दिया।
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव का दिलाया याद
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर शरद पवार और एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को राज्यसभा चुनाव के दौरान दिए गए समर्थन की याद दिलाई। कांग्रेस के अनुसार, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था। उस समय एनसीपी-एसपी के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की आवश्यकता थी।
कांग्रेस ने दावा किया कि उसके पास 16 विधायक होने के बावजूद पार्टी ने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था, ताकि 85 वर्षीय शरद पवार दोबारा राज्यसभा पहुंच सकें। पार्टी के मुताबिक, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनका साथ दिया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया।
विपक्षी एकता पर उठे सवाल
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी को राज्यसभा चुनाव में विपक्षी सहयोगियों का समर्थन मिला, वही अब भाजपा सरकार के परिसीमन प्रस्ताव के पक्ष में खड़ी है। पार्टी ने इस फैसले को विपक्षी एकता के लिए झटका बताया है।
दरअसल, एनसीपी-एसपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन प्रक्रिया को संवैधानिक आवश्यकता बताते हुए समर्थन देने की घोषणा की थी। इस फैसले से महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन के भीतर राजनीतिक मतभेद बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।





