Top 5 This Week

Related Posts

परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की पार्टी के समर्थन से भड़की कांग्रेस, बोली- अपनी राज्यसभा सीट छोड़कर बनाया था सांसद

नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक पर भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को समर्थन देने के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के फैसले ने विपक्षी INDIA गठबंधन में नई राजनीतिक खींचतान पैदा कर दी है। कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल के इस रुख पर नाराजगी जताते हुए शरद पवार और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने याद दिलाया कि इसी साल शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था।

कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर साधा निशाना

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय एनसीपी (एसपी) के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।

कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से समर्थन मांगा था। दोनों नेताओं ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दी और कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनका समर्थन किया और महाविकास आघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगाई।

एनसीपी (एसपी) ने क्यों बदला रुख?

दरअसल, एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार से चर्चा के बाद घोषणा की कि उनकी पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। उन्होंने इसे संवैधानिक आवश्यकता बताते हुए कहा कि परिसीमन आज नहीं तो कल होना ही है।

पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी पहले संकेत दिया था कि विधेयक के प्रावधानों को समझे बिना उसका विरोध करना उचित नहीं होगा।

INDIA गठबंधन में बढ़ सकती है दरार

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच पहले से मतभेद हैं। कांग्रेस समेत कई दल सरकार की प्रस्तावित प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, एनसीपी (एसपी) का समर्थन सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के लोकसभा में आठ सांसद हैं।

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। ऐसे में परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकता की परीक्षा होगी। कांग्रेस की नाराजगी से INDIA गठबंधन के भीतर राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका है।

Popular Articles