Top 5 This Week

Related Posts

बैंकॉक के ऑयल डिपो में जोरदार धमाका, भीषण आग से मची अफरा-तफरी; आसपास के इलाकों को कराया गया खाली

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गुरुवार को बैंगचाक ऑयल डिपो में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना तेज था कि घटनास्थल से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान में घने काले धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के रिहायशी इलाकों, कार्यालयों और स्कूलों को खाली कराने के निर्देश जारी किए।

यह हादसा बैंकॉक के फ्रा खानॉन्ग जिले में सुखुमवित सोई-62 स्थित बैंगचाक के तेल रिफाइनरी परिसर में हुआ। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:45 बजे आग लगने और धमाके की सूचना मिली। इसके बाद दमकल विभाग और बचाव दल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

लोगों को तुरंत इलाका खाली करने के निर्देश

बैंग ना जिला कार्यालय ने सोशल मीडिया के माध्यम से आपातकालीन चेतावनी जारी करते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। एहतियात के तौर पर आसपास के स्कूलों में मौजूद विद्यार्थियों को भी बाहर निकाला गया। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने को कहा।

सात लोग घायल, चार की हालत गंभीर

शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में स्थानीय आपातकालीन चिकित्सा केंद्र ने सात लोगों के घायल होने की जानकारी दी। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।

कंपनी ने बंद की उत्पादन इकाइयां

बैंगचाक कॉर्पोरेशन ने बताया कि आग पर लगभग आधे घंटे में काबू पा लिया गया। सुरक्षा कारणों से रिफाइनरी की सभी उत्पादन इकाइयों को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता और प्रदूषण की स्थिति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Popular Articles