Top 5 This Week

Related Posts

एसटीएच की बदहाली देख भड़के डीएम, पूछा- क्या अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?

रैन बसेरे में गंदगी और वार्डों की अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार, बाहर से दवाएं लिखने पर भी रोक लगाने के निर्देश

हल्द्वानी। मरीजों के इलाज के लिए बने अस्पताल में अगर मरीजों को साफ बिस्तर और सुकून से रहने की जगह तक न मिले तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जब अचानक अस्पताल का जायजा लिया तो बदइंतजामी देखकर उनका पारा चढ़ गया। रैन बसेरे की बदहाल हालत, गंदगी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान डीएम का सवाल भी तीखा था- “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?”

जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से सीधे बातचीत की और उपचार से लेकर उपलब्ध सुविधाओं तक की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों को गंदगी और अव्यवस्थाओं के बीच रहने के लिए छोड़ना गंभीर लापरवाही है। अस्पताल प्रशासन को ठंड से बचाव सहित सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने चाहिए।

बाहर की दवाओं से मरीजों की जेब पर बोझ क्यों?

निरीक्षण के दौरान डीएम ने दवाओं के मामले में भी सख्ती दिखाई। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने की प्रवृत्ति बंद की जाए। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि पहले से बीमारी से जूझ रहे लोगों पर दवाओं का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

नाम बड़ा, सुविधाएं भी उसी स्तर की हों

डीएम ने कहा कि एसटीएच प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है। यहां दूरदराज के पहाड़ी और मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाएं भी उसकी प्रतिष्ठा के अनुरूप होनी चाहिए। साफ-सफाई, रैन बसेरे, वार्डों और मरीजों से जुड़ी दूसरी सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण भी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि डीएम की फटकार और निर्देशों का अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कितना असर पड़ता है।

Popular Articles