देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश की सत्ता का प्रवेश द्वार माने जाने वाले हरिद्वार जिले में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने के आसार हैं। जिले का चुनावी इतिहास बताता है कि यहां मतदाताओं का रुझान हर चुनाव में बदलता रहा है। कभी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का मजबूत गढ़ रहा हरिद्वार 2017 में भाजपा के दबदबे का गवाह बना, जबकि 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार वापसी की थी। अब नए राजनीतिक दलों की सक्रियता ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
कभी बसपा का गढ़ तो कभी भाजपा का दबदबा
राज्य गठन के बाद हरिद्वार जिले में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे लगातार बदलते रहे हैं। वर्ष 2002 में जिले की नौ सीटों में से बसपा ने पांच, भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने एक सीट जीती थी। 2007 में बसपा ने छह सीटों पर जीत दर्ज कर अपना प्रभाव और मजबूत किया।
वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद जिले में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। इस चुनाव में भाजपा ने पांच, जबकि कांग्रेस और बसपा ने तीन-तीन सीटें जीतीं। 2017 में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 में से आठ सीटों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं और बसपा का खाता भी नहीं खुला।
हालांकि, 2022 के चुनाव में फिर समीकरण बदल गए। कांग्रेस ने पांच सीटें जीतकर बढ़त बनाई, जबकि भाजपा तीन और बसपा दो सीटों पर सिमट गई। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
नए राजनीतिक दलों की एंट्री से बढ़ी चुनौती
इस बार भाजपा और कांग्रेस के साथ बसपा और समाजवादी पार्टी भी हरिद्वार में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी हैं। वहीं, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार की पत्नी की जन निर्माण पार्टी की सक्रियता ने मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है।
भाजपा-कांग्रेस ने शुरू की चुनावी तैयारी
2017 का प्रदर्शन दोहराने के लिए भाजपा हरिद्वार पर विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दौरे और संगठनात्मक कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस अपनी पिछली चुनावी बढ़त को मजबूत करने के लिए प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक सम्मेलन की तैयारी कर रही है।
ऐसे में 2027 का विधानसभा चुनाव हरिद्वार में भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई होने के साथ नए राजनीतिक दलों की ताकत का भी इम्तिहान साबित हो सकता है।





