Top 5 This Week

Related Posts

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट पर आतंकी साया! बम धमाके की धमकी से मचा हड़कंप, ईमेल में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का जिक्र

नई दिल्ली। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाका करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही संदेश के अंत में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लिखा गया है।

29 नवंबर को होना है कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 29 नवंबर को बेंगलुरु के मडावरा स्थित NICE ग्राउंड्स में आयोजित होना है। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम आयुक्त के आधिकारिक ईमेल पते पर भेजा गया था। इसमें कार्यक्रम के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई थी।

ईमेल में लोगों को कॉन्सर्ट में बच्चों को साथ नहीं लाने, लावारिस आईफोन नहीं उठाने और मेट्रो ट्रेन से यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी।

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज

धमकी मिलने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला नॉर्थ सीईएन क्राइम पुलिस स्टेशन में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आईपी एड्रेस और ईमेल अकाउंट के स्रोत का पता लगा रही है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की जानकारी लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।

फिलहाल धमकी की गंभीरता और ईमेल भेजने वाले की मंशा की जांच जारी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।

Popular Articles