अमरावती। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। भोगापुरम टोल गेट के पास सड़क किनारे खड़ी लॉरी से तेज रफ्तार एसयूवी टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पांचवें व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
सुबह करीब 7:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। विजयनगरम के पुलिस अधीक्षक एआर दामोदर ने बताया कि एसयूवी भोगापुरम टोल गेट के पास खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग श्रीमुखलिंगम मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि लंबी यात्रा और थकान के कारण चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लॉरी से टकरा गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लॉरी सड़क किनारे किस स्थिति में खड़ी थी और उसके चालक की ओर से कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
हादसे के समय का पता लगाने के लिए टोल प्लाजा के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच करने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





