नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक की यात्रा के लिए सरकारी विमान उपलब्ध कराने की मांग की है। हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। इस दिन बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत और बांग्लादेश की स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह पहली बार है जब हसीना ने अपने स्वदेश लौटने के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।
सरकारी एयरलाइन से वापसी की मांग
हसीना ने बांग्लादेश सरकार से देश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ के विमान से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश के विमान से ही भारत लाया गया था। ऐसे में अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनकी दिल्ली से ढाका वापसी सुनिश्चित करे।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि हसीना के दस्तावेज रद कर दिए गए थे। अब वह नए पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।
वापसी पर गिरफ्तारी की आशंका
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर शेख हसीना भारत आ गई थीं। वह दो साल से अधिक समय से भारत में रह रही हैं। उनकी पार्टी अवामी लीग पर बांग्लादेश में प्रतिबंध लगा हुआ है।
बांग्लादेश सरकार की ओर से उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, एक मंत्री ने रविवार को कहा था कि स्वदेश लौटने पर हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें वापस लाने के लिए भारत के साथ विमान भेजने को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
हसीना की प्रस्तावित वापसी से बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।




