Top 5 This Week

Related Posts

संसद सत्र पर सस्पेंस बरकरार, परिसीमन बिल पर कांग्रेस की चार शर्तें; दिसंबर में तीन दिन में विधेयक लाने की भाजपा की तैयारी

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का सत्रावसान हुए बिना 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है। इस बीच परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती है। हालांकि, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की चार प्रमुख मांगों के कारण इस मुद्दे पर सहमति नहीं बन पा रही है।

दिसंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकता है सत्र

भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए सरकार के सूत्रों के मुताबिक, नवंबर में संसद का विशेष सत्र बुलाने की योजना नहीं है। मानसून सत्र का अगला चरण दिसंबर के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। इसमें करीब 12 बैठकें हो सकती हैं। सरकार की रणनीति शुरुआती तीन दिनों में ही परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े दोनों विधेयक पेश करने की है।

संसद का सत्रावसान नहीं होने के कारण सरकार कम समय के नोटिस पर भी सदन की बैठक बुला सकती है। सामान्य तौर पर सत्रावसान के बाद नया सत्र बुलाने के लिए दो सप्ताह का नोटिस देना पड़ता है।

कांग्रेस की चार प्रमुख मांगें

कांग्रेस का कहना है कि 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग करके लागू किया जाना चाहिए। विपक्ष ने सरकार के सामने चार शर्तें रखी हैं।

  1. परिसीमन के बाद भी लोकसभा की कुल सीटें 543 ही रहें।
  2. सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटें बरकरार रखी जाएं।
  3. वर्तमान 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं।
  4. संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 वर्षों तक लागू रखा जाए।

कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी की है।

850 सीटों तक बढ़ाने का प्रस्ताव

सरकार के मौजूदा विधेयक के मसौदे के अनुसार, लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें लगभग 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। राज्यों के बीच सीटों का पुनर्वितरण जनगणना के आधार पर किया जाएगा।

दो-तिहाई बहुमत जुटाना चुनौती

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। एनडीए के पास फिलहाल लगभग 319 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है, जबकि सरकार को करीब 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में उसे गैर-एनडीए दलों का साथ भी लेना होगा।

यदि दिसंबर में विधेयक पारित नहीं होता है तो 2029 के लोकसभा चुनाव नए परिसीमन के आधार पर कराने में मुश्किल आ सकती है। फिलहाल सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बनने का इंतजार है।

Popular Articles