नई दिल्ली। महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का 72 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।
परिवार के मुताबिक, रामराव वडकुते को 20 नवंबर को खांसी की शिकायत के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। 21 नवंबर की शाम करीब छह बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब 11:45 बजे उनका निधन हो गया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामराव वडकुते को समाज सेवा और गरीबों एवं वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति उनके समर्पण के लिए हमेशा याद किया जाएगा। महाराष्ट्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उनके निधन पर शोक जताया।
महाराष्ट्र की राजनीति में रहा लंबा अनुभव
रामराव वडकुते महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी जिले से ताल्लुक रखते थे। वे धनगर समुदाय के हितों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से की थी। वह वर्ष 2004 से 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। बाद में भाजपा में शामिल हुए और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
अप्रैल 2026 में बने थे राज्यसभा सदस्य
भाजपा ने मार्च 2026 में उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था। अप्रैल 2026 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ और पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
उनके निधन को महाराष्ट्र की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।





