Top 5 This Week

Related Posts

यूपी-पंजाब समेत पांच राज्यों में 2027 के विधानसभा चुनाव, 15 जनवरी के आसपास हो सकता है तारीखों का एलान

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वर्ष 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने इन पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा इस बार जनवरी के पहले सप्ताह के बजाय 15 जनवरी के आसपास होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, मतदान 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच कराया जा सकता है।

यूपी में तीन से चार चरणों में हो सकता है मतदान

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी चार राज्यों में एक ही चरण में मतदान कराने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की अधिक संख्या को देखते हुए तीन से चार चरणों में चुनाव कराए जा सकते हैं। वर्ष 2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 8 जनवरी को की गई थी।

चुनाव आयोग कर रहा तैयारियों की समीक्षा

चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके 15 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त संबंधित राज्यों का दौरा करेंगे। आमतौर पर आयोग का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाती है।

बोर्ड परीक्षाओं और माघ मेले का रखा जाएगा ध्यान

उत्तर प्रदेश में चुनाव की तारीखें तय करते समय बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक चलेगा। कल्पवासी 20 फरवरी यानी माघी पूर्णिमा तक मेले में रहते हैं। वहीं, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मतदान 24 फरवरी के बाद होने की संभावना है।

मार्च में समाप्त होगा चार राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल

पांचों राज्यों में मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद गोवा में 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च और उत्तराखंड में 28 मार्च को कार्यकाल पूरा होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।

चुनाव आयोग के सामने इन सभी राज्यों में निर्धारित समयसीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने की चुनौती है। हालांकि, मतदान और मतगणना की आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

Popular Articles