Top 5 This Week

Related Posts

चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे, पीएम मोदी ने चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत और विदेशों से करीब 10 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन चिन्मय मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सालभर चले समारोहों का समापन रहा।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि चिन्मय मिशन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक महान आध्यात्मिक विचार है। इसने दशकों से समाज की सेवा करने और भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत देश की पहचान और अस्तित्व का आधार है।

1951 में हुई थी चिन्मय मिशन की स्थापना

चिन्मय मिशन की स्थापना वर्ष 1951 में स्वामी चिन्मयानंद ने की थी। इसका मुख्य उद्देश्य वेदांत और भगवद्गीता के ज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाना है। मिशन ने आध्यात्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, युवा सशक्तीकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

युवाओं की भूमिका को सराहा

प्रधानमंत्री ने मिशन के युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि चिन्मय अमृत यात्रा के तहत 15 युवा सदस्यों ने 300 दिनों में देशभर में 40 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा की और एक लाख से ज्यादा युवाओं से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि मिशन के प्रयासों से लाखों युवा भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।

भारतीय संस्कृति और शिक्षा पर दिया जोर

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें भारतीय ज्ञान परंपरा, मातृभाषा, आधुनिक विज्ञान और तकनीक को महत्व दिया गया है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर और केदारनाथ-बदरीनाथ जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की आजादी के 100 वर्ष और चिन्मय मिशन के शताब्दी वर्ष का ऐतिहासिक संयोग होगा। उन्होंने मिशन से जुड़े लोगों से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज को एकजुट करने में योगदान देने का आह्वान किया।

Popular Articles