Top 5 This Week

Related Posts

मदुरई के तनिष्क शोरूम में करोड़ों की चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बस चालक की सतर्कता से पांच दिन बाद पकड़ा गया

मदुरई। तमिलनाडु के मदुरई में तनिष्क ज्वेलर्स के शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी एस. निशांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले पांच दिनों से फरार था। बस चालक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते उसे धर्मपुरी जिले में पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, निशांत रविवार रात बेंगलुरु से सलेम जा रही एक निजी लग्जरी बस में सफर कर रहा था। उसने चेहरे पर नकाब और सिर पर टोपी पहन रखी थी। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर बस चालक को शक हुआ। चालक ने उसकी तस्वीरों का मिलान करने के बाद पुलिस को सूचना दी और बस की लोकेशन भी साझा की।

सूचना मिलते ही धर्मपुरी जिले की अधियामनकोट्टई पुलिस ने सेसमपट्टी बाइपास के पास बस को रुकवाया। पुलिस को देखते ही निशांत ने बस की खिड़की से कूदकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

11 किलो आभूषण की हुई थी चोरी

मदुरई के बाइपास रोड स्थित तनिष्क शोरूम में 12 नवंबर को चोरी की घटना सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, शोरूम से करीब 11 किलोग्राम आभूषण चोरी किए गए थे। इनमें लगभग 10 किलो सोने और एक किलो हीरे के आभूषण शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस ने निशांत के पिता सुरेश और उसकी करीबी दोस्त व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उनके सुराग पर करीब 5.5 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए थे।

जांच में सामने आए कई अहम सुराग

पुलिस जांच में पता चला कि निशांत ने चोरी से पहले कई बार ग्राहक बनकर शोरूम की रेकी की थी। उसने इमारत में चल रहे निर्माण कार्य और लिफ्ट शाफ्ट के रास्ते का इस्तेमाल कर शोरूम में प्रवेश किया था। चोरी के बाद वह आभूषण लेकर फरार हो गया था।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब चोरी की पूरी साजिश, बाकी आभूषणों की बरामदगी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Popular Articles