नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए। इस यात्रा के दौरान वह 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीजी के साथ क्वाड नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक में भी शामिल होंगे। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता, व्यापार और रणनीतिक सहयोग इस यात्रा के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह ईस्ट एशिया सम्मेलन के शुरुआती सत्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में आसियान
मनीला रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में हैं और भारत के ‘महासागर’ दृष्टिकोण में इनका महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं। आज ये रिश्ते व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-जन के संपर्क तक विस्तारित हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि सम्मेलन से भारत-आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलेगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा समृद्धि के प्रयास मजबूत होंगे।
दो साल बाद होगी क्वाड नेताओं की बैठक
मंगलवार को प्रस्तावित क्वाड शिखर बैठक करीब दो साल बाद हो रही है। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में क्वाड नेताओं की बैठक हुई थी। इस बार बैठक में समुद्री सुरक्षा, मुक्त और खुले समुद्री मार्ग, महत्वपूर्ण खनिजों तथा आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच इस समूह का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ा है।
11 देशों का संगठन है आसियान
1967 में स्थापित आसियान में 11 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, ब्रुनेई और तिमोर-लेस्ते शामिल हैं। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति की ओर से आयोजित रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया। इस यात्रा को दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




