बदरीनाथ (चमोली)। उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने के अवसर पर भगवान बदरीविशाल का विशेष पुष्प श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे मंदिर की भव्य छटा और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह से ही शुरू हो गई थी। ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए और भगवान बदरीविशाल का अभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना तथा श्रृंगार किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के पुष्प श्रृंगार के दर्शन किए। सामान्य दिनों में होने वाले स्वर्ण श्रृंगार के स्थान पर भगवान को फूलों से सजाया गया था।
माता लक्ष्मी को गर्भगृह में किया विराजमान
कपाट बंद करने की अंतिम प्रक्रिया शाम आठ बजे के आसपास शुरू हुई। बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को मंदिर स्थित लक्ष्मी मंदिर से लाकर भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को गर्भगृह से बाहर लाया गया।
धार्मिक विधि-विधान के अनुसार भगवान बदरीविशाल की निर्वाण शिला मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया। धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इसके बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट अगले छह माह के लिए बंद कर दिए गए।
23.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, इस यात्रा वर्ष में 23.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। कपाट बंद होने के अंतिम दिन भी 9,500 से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे। सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बदरीविशाल के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
शीतकालीन पूजा के लिए रवाना होंगी देवडोलियां
मंगलवार से भगवान की शीतकालीन पूजा निर्धारित स्थलों पर शुरू होगी। भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर स्थित योग बदरी मंदिर पहुंचेंगी, जबकि भगवान गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी। इन स्थानों पर शीतकाल के दौरान नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी।





