नई दिल्ली। भारत में बायोगैस तकनीक के विकास और प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिवंगत वैज्ञानिक डॉ. राम बक्स सिंह के सम्मान में केंद्र सरकार ने स्मारक डाक टिकट जारी किया है। उन्हें आधुनिक बायोगैस तकनीक के अग्रदूत के रूप में जाना जाता है। उनके योगदान ने न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र को नई दिशा दी।
13 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने स्मारक डाक टिकट जारी किया। इस अवसर पर बायोगैस तकनीक पर आधारित पुस्तक ‘कम्प्लीट गाइड टू बायोगैस-रिन्यूएबल एनर्जी फ्रॉम वेस्ट: फीचरिंग द लेगेसी ऑफ डॉ. राम बक्स सिंह’ का भी विमोचन किया गया।
डॉ. राम बक्स सिंह (1925-2016) का सबसे महत्वपूर्ण योगदान उत्तर प्रदेश के अजीतमल में एशिया के पहले गोबर गैस अनुसंधान केंद्र की स्थापना और विकास में रहा। उन्होंने वर्ष 1957 में उत्तर प्रदेश के सीतापुर में भारत के शुरुआती सफल गोबर गैस संयंत्रों में से एक का उद्घाटन किया था। इसके बाद उन्होंने अजीतमल स्थित अनुसंधान केंद्र में 16 वर्षों तक प्रभारी अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं।
बायोगैस तकनीक के क्षेत्र में उनके शोध और प्रयासों का प्रभाव भारत तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने 15 से अधिक देशों में नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी पहलों में योगदान दिया। उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। वर्ष 1975 की अमेरिकी सीनेट रिपोर्ट और कई अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों में उनके योगदान का उल्लेख किया गया।
उनकी पुस्तक ‘बायोगैस प्लांट: जनरेटिंग मीथेन फ्रॉम ऑर्गेनिक वेस्ट्स’ को अमेरिका के लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में भी सूचीबद्ध किया गया है। उनके शोध पत्रों और पेशेवर अभिलेखों को भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार ने सितंबर 2023 में संरक्षित किया था। उनके योगदान को एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों में भी स्थान मिला है।
कार्यक्रम में उनके पुत्र राजेंद्र सिंह ने कहा कि यह स्मारक डाक टिकट केवल एक वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच डॉ. राम बक्स सिंह के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
स्मारक डाक टिकट के माध्यम से देश ने एक ऐसे वैज्ञानिक के योगदान को सम्मान दिया है, जिन्होंने जैविक कचरे को उपयोगी ऊर्जा में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया।





